
▪️नई दिल्ली। देश में सस्ती और सुविधाजनक शहरी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्य सरकारों से बाइक टैक्सी सेवा को अनुमति देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाइक टैक्सी परिवहन का किफायती विकल्प बनने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा कर सकती है। गडकरी के मुताबिक, इससे करीब 8 करोड़ लोगों को रोजगार मिल सकता है।
गडकरी ने कहा कि बढ़ते शहरी यातायात और लोगों की परिवहन जरूरतों को देखते हुए बाइक टैक्सी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। खासकर महानगरों में जहां छोटी दूरी के सफर में भारी ट्रैफिक बड़ी चुनौती है, वहां दोपहिया आधारित टैक्सी सेवा समय और लागत दोनों बचा सकती है।
हालांकि बाइक टैक्सी को लेकर राज्यों में नियम एक समान नहीं हैं। केंद्र ने एग्रीगेटर के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, लेकिन अंतिम अनुमति और नियमन का अधिकार राज्यों के पास है। इसी वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में बाइक टैक्सी को लेकर स्थिति अलग-अलग बनी हुई है।
गडकरी ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्ती के संकेत दिए हैं। उन्होंने यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए ‘नेगेटिव प्वाइंट’ प्रणाली लागू करने की योजना का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य नियम तोड़ने वालों पर अंक आधारित कार्रवाई के जरिए सड़क अनुशासन मजबूत करना है।
