▪️मंत्रालय और विधान भवन में लगेगी डिजिटल घड़ी
- मुंबई। महाराष्ट्र के सत्ता के दो प्रमुख केंद्र मंत्रालय और विधान भवन में अब ऐसी डिजिटल घड़ियां लगाने की तैयारी है, जो सिर्फ समय नहीं बताएंगी, बल्कि भारतीय कालगणना और खगोलीय जानकारियां भी प्रदर्शित करेंगी। राज्य सरकार ने इसके लिए 10.97 लाख रुपए मंजूर किए हैं।

‘कालायन’ नाम के इन दो उपकरणों की कीमत करीब 5.48 लाख रुपए प्रति इकाई है। इनमें भारतीय मानक समय (आई एस टी) और जी पी एस समय के साथ सूर्योदय-सूर्यास्त का समय, सूर्य एवं ग्रहों की स्थिति और उनकी गति जैसी जानकारियां दिखाई जाएंगी।
इसके अलावा उपकरण पर पंचांग, धार्मिक अनुष्ठानों के शुभ समय, महत्वपूर्ण सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय घटनाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। निर्माता के अनुसार इसमें ज्योतिष से जुड़ी शब्दावली और कुंडली संबंधी जानकारियां भी प्रदर्शित की जा सकेंगी।
इन उपकरणों का निर्माण पुणे की आर्ष विद्या प्राइवेट लिमिटेड करेगी। महाराष्ट्र सरकार के शासन निर्णय के अनुसार, इस तरह का उपकरण बनाने वाली यह एकमात्र संस्था है।
