▪️विराट-अनुष्का से फिल्म देखने की अपील
▪️नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म को मिल रही दर्शकों की सराहना

- मुंबई। नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विचारधारा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग द्वारा फिल्म की सराहना किए जाने से इसके निर्देशक विशाल चतुर्वेदी खासे भावुक हैं।
सहवाग ने फिल्म देखने के बाद इसकी प्रशंसा की और इसे दर्शकों तक पहुंचाने की इच्छा जताई। सहवाग की प्रतिक्रिया को निर्देशक ने अपने लिए बेहद खास बताया। उनका कहना है कि सहवाग को क्रिकेट के मैदान पर देखने वाले करोड़ों प्रशंसकों में वह भी शामिल रहे हैं। सहवाग के खेल से संन्यास लेने के बाद उन्होंने क्रिकेट देखना तक काफी हद तक बंद कर दिया था। ऐसे में जब सहवाग ने उनकी फिल्म देखी और उसकी तारीफ की तो यह उनके लिए भावनात्मक और यादगार क्षण बन गया।
‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के व्यक्तित्व, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और उनके प्रति लोगों की आस्था को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े आध्यात्मिक पहलुओं को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। निर्देशक के मुताबिक, फिल्म का उद्देश्य केवल एक धार्मिक व्यक्तित्व की कहानी बताना नहीं, बल्कि उनके विचारों और संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

अब निर्देशक की इच्छा है कि भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी यह फिल्म देखें। विराट और अनुष्का का नीम करोली बाबा के प्रति आस्था से जुड़ाव सार्वजनिक रूप से सामने आ चुका है। ऐसे में निर्देशक को उम्मीद है कि फिल्म की विषयवस्तु उन्हें भी पसंद आएगी।
फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म आध्यात्मिकता, आस्था और मानवीय मूल्यों को केंद्र में रखती है। सीमित संसाधनों के बावजूद फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया ने इसके निर्माताओं और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया है।
