
▪️मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से वाशी स्थित सिडको एक्जिबिशन सेंटर में आयोजित ‘महा गणेशमूर्ति कार्यशाला’ में महाराष्ट्र ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नया इतिहास रच दिया। कार्यशाला में 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ शाडू मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं शाडू मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे, गणेश नाईक, मंदा म्हात्रे और योगेश कदम ने भी मुख्यमंत्री के साथ शाडू मिट्टी हाथ में लेकर गणेश प्रतिमाएं बनाईं।

इस पहल का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की प्रतिमाओं के कारण होने वाले जल प्रदूषण को रोकना और पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के प्रति जनजागृति फैलाना था। हजारों विद्यार्थियों ने एक साथ शाडू मिट्टी की प्रतिमाएं बनाकर ‘हरित और प्रदूषणमुक्त महाराष्ट्र’ का संदेश दिया।
