
▪️मुंबई। बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर वन’ गोविंदा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी में हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ के गाने की शूटिंग की ताजा तस्वीरें सामने आते ही अभिनेता एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। तस्वीरों में गोविंदा और नवोदित अभिनेत्री रानी स्वर्णकार रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है।
फिल्मी तस्वीरें सामने आने के बाद गोविंदा और रानी के कथित अफेयर की चर्चाएं भी फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, दोनों के बीच किसी रिश्ते की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गोविंदा पहले ही ऐसी खबरों का खंडन कर चुके हैं और इन्हें लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दे चुके हैं।

मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा सार्वजनिक रूप से पति की एक कम उम्र की अभिनेत्री के साथ कथित नजदीकियों को लेकर सवाल उठा चुकी हैं। इसके बाद गोविंदा और रानी का नाम चर्चाओं में आया।
रिपोर्टों के मुताबिक, गोविंदा की ओर से झूठी और मानहानिकारक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी नोटिस भी जारी किया गया है, जिसमें 100 करोड़ रुपए तक के मानहानि दावे की चेतावनी बताई गई है। फिलहाल ‘रूपा’ की तस्वीरों को फिल्मी कहानी का हिस्सा ही माना जा रहा है।
