- 130 फुट की झांकी में दिखेगी डूबी हुई द्वारका

▪️मुंबई। गणेशोत्सव के अवसर पर ‘शिवड़ी चा राजा’ ने इस वर्ष अनोखी संकल्पना के तहत ‘पानी के नीचे की द्वारका’ साकार की है। शिवड़ी के राजा के 75वें अमृत महोत्सवी वर्ष के उपलक्ष्य में तैयार इस भव्य झांकी का पारंपरिक तरीके से अनावरण किया गया।
प्रबोधनकार ठाकरे उद्यान, शिवड़ी बस डिपो के सामने तैयार की गई इस झांकी में पौराणिक द्वारका को दर्शाया गया है। प्रसिद्ध आर्ट डायरेक्टर अमन विधाते की संकल्पना से तैयार इस झांकी का उद्देश्य मुंबईकरों को डूबी हुई द्वारका का अनोखा अनुभव कराना है।

130 फुट लंबी, 65 फुट चौड़ी और 45 फुट ऊंची झांकी में करीब 1,000 वर्ग फुट की एलईडी स्क्रीन, अत्याधुनिक होलोग्राम तकनीक, लेजर लाइट इफेक्ट्स और वातानुकूलित सेट का इस्तेमाल किया गया है।
मंडल के अध्यक्ष श्रीकांत जाधव ने कहा कि 75 वर्षों की यात्रा श्रद्धा, संस्कृति, सामाजिक प्रतिबद्धता और एकता की परंपरा का प्रतीक है। प्रमुख मार्गदर्शक विजय इंदुलकर ने कहा कि आधुनिक तकनीक से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी को साकार करना भक्तों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।
