
▪️मुंबई। महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर के साथ ही लालबाग के राजा सहित कई गणेशोत्सव मंडलों और मंदिरों में जाकर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नबीन ने संपूर्ण देश की जनता के सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, सांस्कृतिक मंत्री एड. आशिष शेलार, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, भाजपा मुंबई अध्यक्ष विधायक अमित साटम, मुंबई की महापौर रितू तावडे सहित भाजपा के अनेक नेता उपस्थित थे।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह नबीन के आगमन के साथ ही पहले से मौजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-ताशों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया। सुहागिन महिलाओं ने उनका औक्षण किया। वहां से नबीन प्रभादेवी पहुंचे और सिद्धिविनायक के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने लालबाग के राजा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पवन त्रिपाठी ने नबीन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
दोपहर में मलबार हिल स्थित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में श्री गणेश के दर्शन करने के बाद नबीन ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निवास पर भी श्री गणेश के दर्शन किए। नबीन ने उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा पवार से भी मुलाकात की।
