▪️पूर्वी हिस्से में बनेगा प्रस्तावित होम प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज पर भीड़ और यात्री दबाव कम करने की योजना

- मुंबई। मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने एक महत्वपूर्ण योजना तैयार की है। स्टेशन के पूर्वी हिस्से में 12 डिब्बों वाला नया होम प्लेटफॉर्म बनाने का प्रस्ताव है। यह प्लेटफॉर्म छठी रेल लाइन के पास बनाया जा सकता है। इसका उद्देश्य पीक आवर के दौरान यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना और फुटओवर ब्रिज (एफओबी) तथा सीढ़ियों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करना है।
प्रस्तावित प्लेटफॉर्म से यात्रियों को ट्रेन से उतरने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर आने वाली ट्रेन के यात्री ट्रेन के दोनों ओर से उतर सकेंगे। पूर्वी दिशा में उतरने वाले यात्रियों को सीधे अंधेरी ईस्ट की ओर जाने वाली सड़क तक पहुंचने का रास्ता मिल सकेगा। इससे उन्हें मौजूदा यात्री मार्गों और फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल कम करना पड़ेगा।
अंधेरी स्टेशन पर रोजाना करीब 4.5 लाख यात्री आते-जाते हैं और यहां 1,000 से अधिक उपनगरीय ट्रेन परिचालन होते हैं। पीक आवर में बड़ी संख्या में यात्रियों के एक साथ पहुंचने से एफओबी और सीढ़ियों पर भीड़ बढ़ जाती है।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, नया होम प्लेटफॉर्म यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने के साथ सुरक्षा में भी मदद करेगा। डबल डिस्चार्ज सुविधा के कारण यात्रियों को ट्रेन से उतरने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और स्टेशन के मौजूदा यात्री मार्गों पर दबाव कम होने की उम्मीद है।
