▪️ 28 जनवरी से शुरू होंगे प्रायोगिक और आंतरिक मूल्यांकन, लाखों विद्यार्थी होंगे शामिल

- मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें घोषित कर दी हैं। 10वीं कक्षा की लिखित परीक्षा 15 फरवरी 2027 से शुरू होकर 11 मार्च 2027 तक चलेगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ विद्यार्थियों के पास अब तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए स्पष्ट समय-सारणी उपलब्ध हो गई है।
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10वीं कक्षा की प्रायोगिक, श्रेणी, मौखिक और आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षाएं 28 जनवरी से 13 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी। लिखित परीक्षा के विषयवार पेपर और उनके समय की विस्तृत जानकारी बोर्ड की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
वहीं, 12वीं कक्षा की लिखित बोर्ड परीक्षा 8 फरवरी से 16 मार्च 2027 के बीच आयोजित होगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं में राज्यभर के बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए समय का नियोजन करने की सलाह दी है। पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास, नियमित पुनरावृत्ति और समयबद्ध तरीके से लिखने का अभ्यास परीक्षा की तैयारी में उपयोगी रहेगा।
परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। विषयवार टाइमटेबल जारी होने के बाद प्रत्येक विषय के बीच मिलने वाले अंतर के आधार पर विद्यार्थी अपनी तैयारी की योजना बना सकेंगे।
