
▪️मुंबई। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मध्य और पश्चिम रेलवे ने रविवार को होने वाला नियमित मेगा ब्लॉक रद्द कर दिया है। इससे लोकल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और गणेश मंडलों तथा विसर्जन स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रहेगी।
हालांकि, मध्य रेलवे के ठाणे-कल्याण के बीच पांचवीं और छठी लाइन पर रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशेष ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके चलते कुछ मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को तेज मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ लोकल ट्रेनें करीब 10 से 15 मिनट देरी से चल सकती हैं।
मध्य रेलवे की मुख्य लाइन, हार्बर लाइन, ट्रांस-हार्बर लाइन और बेलापुर-उरण मार्ग पर दिन के समय लोकल सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी। रेलवे ने गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नियमित रखरखाव कार्यों में भी आवश्यक बदलाव किए हैं।
- अनंत चतुर्दशी पर 12 विशेष लोकल
अनंत चतुर्दशी के दौरान गणेश विसर्जन के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे चर्चगेट-विरार मार्ग पर 12 विशेष धीमी लोकल ट्रेनें चलाएगा। चर्चगेट से विरार के लिए विशेष ट्रेनें रात 1:15 बजे से सुबह 3:45 बजे तक और विरार से चर्चगेट के लिए रात 12:15 बजे से सुबह 3 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
यह विशेष व्यवस्था गिरगांव चौपाटी, जुहू सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों से देर रात लौटने वाले गणेशभक्तों को ध्यान में रखकर की गई है। रेलवे के इस निर्णय से गणेशोत्सव के दौरान देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।
