
▪️मुंबई। क्रिकेट के मैदान पर गेंदबाजों की धुनाई के लिए मशहूर रहे वीरेंद्र सहवाग अब नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने जा रहे हैं। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन में होस्ट की भूमिका निभा रहे सहवाग का यमराज वाला लुक सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।
सहवाग ने सोशल मीडिया पर अपने यमराज अवतार की तस्वीरें साझा की हैं। काले परिधान, मुकुट और पारंपरिक यमराज के गेटअप में उनका यह अंदाज देखकर प्रशंसकों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। सहवाग ने तस्वीरों के साथ क्रिकेट से जुड़ा मजेदार कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने ‘डेथ ओवर’ का जिक्र करते हुए जिंदगी का स्कोरकार्ड देखने की बात कही। उनके पूर्व साथी क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी पोस्ट पर हंसी वाला इमोजी कमेंट किया।
- डॉक्टर और न्यूटन का भी दिखेगा अंदाज
‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन में सहवाग केवल यमराज के रूप में ही नहीं, बल्कि डॉक्टर और न्यूटन जैसे अलग-अलग किरदारों में भी नजर आएंगे। शो के प्रोमो में उनके नए अवतारों की झलक पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है।
इस सीजन में सहवाग पहली बार इस रियलिटी शो की मेजबानी कर रहे हैं। इससे पहले शो के पहले सीजन को अश्नीर ग्रोवर ने होस्ट किया था। शो का फॉर्मेट सत्ता, पैसा, रणनीति और बदलते समीकरणों पर आधारित है, जिसमें प्रतिभागियों के बीच ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ के रूप में शक्ति का अंतर दिखाया जाता है।
सहवाग का मैदान से रियलिटी शो तक यह नया सफर उनके प्रशंसकों के लिए खासा दिलचस्प बना हुआ है।
