▪️ ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर दूसरी बार पहुंचीं बागेश्वर धाम, फिल्म या डॉक्यूमेंट्री बनाने की तैयारी
- मुंबई। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसकी निर्माता अनुप्रिया नागर ने एक नई फिल्म को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अनुप्रिया नागर हाल ही में मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचीं और पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाने की घोषणा की।

21 वर्षीय अनुप्रिया नागर इससे पहले ‘हनुमान अंश’ का निर्माण कर चुकी हैं। फिल्म रिलीज होने के बाद वह पहली बार बागेश्वर धाम पहुंची थीं और उस दौरान उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की थी। फिल्म की सफलता के बाद वह दूसरी बार बागेश्वर धाम पहुंचीं।
मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया ने कहा कि बागेश्वर धाम पर बनने वाले प्रोजेक्ट में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और सन्यासी बाबा उनका मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फिल्म होगी या डॉक्यूमेंट्री, यह आगे तय होगा। अनुप्रिया के अनुसार, वह इसे केवल अपना प्रयास नहीं मानतीं, बल्कि उनका विश्वास है कि गुरुजी का मार्गदर्शन उन्हें इस काम में मिलेगा।
इस बीच ‘हनुमान अंश’ की सफलता भी चर्चा में है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और इसमें शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी यह फिल्म 18 सितंबर तक दुनियाभर में 316.58 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी थी, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 248.38 करोड़ रुपए बताया गया है।
