
▪️मुंबई
देशभर के घरेलू LPG ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 1 अक्टूबर 2026 से LPG सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार प्रमाणीकरण के जरिए ई-केवाईसी करना अनिवार्य होगा। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सब्सिडी का लाभ सही उपभोक्ताओं तक ही पहुंचे।
जिन ग्राहकों ने पहले ही ई-केवाईसी या आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं होगी। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले आधार प्रमाणीकरण कराना होगा।
- कैसे होगा आधार प्रमाणीकरण?
उपभोक्ता गैस सिलिंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी एजेंट के पास मौजूद पॉइंट ऑफ सेल मशीन से बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा गैस एजेंसी पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
डिजिटल माध्यम से भी आधार प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए IndianOil ONE, HelloBPCL और HP Pay जैसे अधिकृत मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, बड़ी संख्या में LPG उपभोक्ता पहले ही आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके हैं। मंत्रालय के मुताबिक, 27.43 करोड़ यानी 89.9 प्रतिशत उपभोक्ताओं का प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है।
सरकार के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य फर्जी LPG कनेक्शन पर रोक लगाना, घरेलू सिलिंडर के व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपयोग को नियंत्रित करना और सब्सिडी का लाभ वास्तविक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। किसी सहायता के लिए ग्राहक 1800 2333 555 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
