- जौनपुर की सृष्टि मिश्रा ने हासिल की 95वीं रैंक, रोजाना आठ घंटे करती थीं पढ़ाई

▪️जौनपुर। UPSC परीक्षा देश की कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन कुछ ही उम्मीदवार अंतिम रूप से सफल हो पाते हैं। उत्तर प्रदेश के जौनपुर की सृष्टि मिश्रा ने महज 22 वर्ष की उम्र में UPSC परीक्षा पास कर IPS अधिकारी बनने का मुकाम हासिल किया। उन्हें यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली।
सृष्टि मिश्रा ने वर्ष 2023 में UPSC परीक्षा पास की थी। उनका मूल निवास उत्तर प्रदेश के जौनपुर में है। उनकी स्कूली शिक्षा विदेश में हुई। उनके पिता आदर्श कुमार मिश्रा विदेश मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी हैं। सृष्टि ने दक्षिण अफ्रीका, स्विट्जरलैंड, कांगो और कंबोडिया में भी शिक्षा हासिल की।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज के पहले वर्ष से ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी। पहले प्रयास में वे प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्होंने अपनी तैयारी को और मजबूत किया और दूसरे प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार में सफलता हासिल करते हुए 95वीं रैंक प्राप्त की।
सृष्टि के अनुसार, उन्होंने इस परीक्षा की तैयारी के दौरान रोजाना करीब आठ घंटे पढ़ाई की। प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने करीब 15 दिन आराम किया और फिर मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। इस दौरान परिवार और विशेष रूप से उनके पिता का उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग मिला।
आज सृष्टि मिश्रा IPS अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उनकी सफलता कम उम्र में UPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में सामने आई है।
