▪️ ईमेल मिलने के बाद गुजरात में सुरक्षा बढ़ी, तलाशी में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु

- अहमदाबाद। गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर और अहमदाबाद तथा गांधीनगर स्थित भाजपा के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। धमकी एक ईमेल के माध्यम से दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
धमकी में अहमदाबाद के खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय, गांधीनगर के कोबा स्थित प्रदेश कार्यालय ‘कमलम्’ और सोमनाथ मंदिर का उल्लेख किया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दल, दमकल और खोजी कुत्तों की सहायता से संबंधित स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
सोमनाथ मंदिर में सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को परिसर से बाहर किया गया। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अहमदाबाद पुलिस के अनुसार स्थिति सामान्य है। ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि धमकी की सूचना पंजाब पुलिस के माध्यम से गुजरात पुलिस तक पहुंची थी।
यह घटना गुजरात विधानसभा, गांधीनगर न्यायालय और अहमदाबाद के एक विद्यालय को इसी माह मिली धमकियों के कुछ दिन बाद सामने आई है।
