▪️अब 10-11 अक्टूबर को होंगी परीक्षाएं, छात्रों की समिति बनाएगी परीक्षा निगरानी के नए नियम

▪️मुंबई। आईआईटी बॉम्बे में बीटेक छात्र साहिल वकोडे की मौत के बाद जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच संस्थान ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित परीक्षाएं अब 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। संस्थान के अनुसार, यह निर्णय छात्र प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद लिया गया है।
परीक्षाओं को स्थगित करने के पीछे एक प्रमुख उद्देश्य परीक्षा के दौरान निगरानी और अकादमिक कदाचार से जुड़े नियमों को अधिक स्पष्ट बनाना है। इसके लिए गठित समिति में छात्रों का भी प्रतिनिधित्व रहेगा। समिति इनविजिलेटर के लिए नए मानक संचालन नियम (SOP) तैयार करेगी, ताकि परीक्षा से जुड़े मामलों में प्रक्रिया स्पष्ट और एक समान रहे।
नए नियमों में परीक्षा के दौरान कथित अनुचित साधनों के इस्तेमाल के मामलों से निपटने की प्रक्रिया भी स्पष्ट की जाएगी। प्रस्तावित SOP पर विचार-विमर्श के बाद इसे औपचारिक मंजूरी के लिए संस्थान की सीनेट के समक्ष रखा जाएगा।
साहिल वकोडे की 18 सितंबर को मौत के बाद कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन किए थे। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस परीक्षा कक्ष और हॉस्टल समेत कैंपस के विभिन्न हिस्सों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर 18 सितंबर के घटनाक्रम की समयरेखा तैयार कर रही है।
