- मुंबई। रेलवे पटरियों की मरम्मत और सिग्नल प्रणाली से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए रविवार को मध्य और हार्बर रेलवे मार्ग पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। पश्चिम रेलवे पर शनिवार मध्यरात्रि को भी रात्रिकालीन ब्लॉक रहेगा।

मध्य रेलवे पर माटुंगा से मुलुंड के बीच अप और डाउन तेज मार्ग पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान तेज लोकल ट्रेनों को धीमे मार्ग से चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को लगभग 15 मिनट की देरी का सामना करना पड़ सकता है।
हार्बर लाइन पर कुर्ला से वाशी के बीच सुबह 11:10 बजे से दोपहर 4:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से पनवेल, बेलापुर और वाशी जाने वाली तथा वहां से सीएसएमटी आने वाली लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सीएसएमटी-कुर्ला और पनवेल-वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ठाणे से वाशी और नेरुल के बीच भी यात्रा की अनुमति रहेगी।
पश्चिम रेलवे पर सांताक्रूज से गोरेगांव के बीच शनिवार रात 12:30 बजे से रविवार सुबह 4:30 बजे तक तेज मार्ग पर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ट्रेनें धीमे मार्ग से चलेंगी और कुछ सेवाएं रद्द रहेंगी। रविवार दिन में पश्चिम रेलवे पर ब्लॉक नहीं होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय-सारिणी और घोषणाओं की जानकारी अवश्य लें।
