
▪️मुंबई। महाराष्ट्र के तटीय पुलिस बल में भारतीय नौसेना के प्रशिक्षित अग्निवीरों को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नौसेना में कठोर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों के अनुभव और कौशल का उपयोग राज्य की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में किया जाएगा। इससे तटीय क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
महाराष्ट्र की लंबी समुद्री सीमा और महत्वपूर्ण तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा के लिहाज से यह पहल अहम मानी जा रही है। प्रशिक्षित जवानों की तैनाती से तटीय पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और समुद्री मार्गों से होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सहायता मिल सकती है।
मुख्यमंत्री फडणवीस के अनुसार, नौसेना में प्रशिक्षण प्राप्त अग्निवीर अनुशासन, तकनीकी दक्षता और समुद्री परिस्थितियों में काम करने का अनुभव लेकर आते हैं। इन क्षमताओं का उपयोग तटीय पुलिस व्यवस्था में करने से सुरक्षा तंत्र को अधिक सक्षम बनाया जा सकेगा।
