
▪️नवी मुंबई
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वैश्विक हवाई संपर्क के नए केंद्र के रूप में उभरने की तैयारी में है। दिसंबर 2026 से यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की योजना है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र के यात्रियों को विदेश यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलेगा। साथ ही, मुंबई के मौजूदा हवाई अड्डे पर बढ़ते यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
एयर इंडिया समूह चरणबद्ध तरीके से अपनी सेवाएं शुरू करेगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस दिसंबर से प्रतिदिन चार घरेलू उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। जनवरी 2027 से मस्कट, जेद्दा, रियाद, दम्माम, दोहा और शारजाह जैसे पश्चिम एशियाई शहरों के लिए अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का विस्तार प्रस्तावित है।
वहीं, इंडिगो फरवरी से जुलाई 2027 के बीच मुंबई के मौजूदा हवाई अड्डे से प्रतिदिन 12 अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान उड़ानों को नवी मुंबई स्थानांतरित करने की योजना बना रही है। इस विस्तार में बहरीन, कुवैत, मस्कट, ढाका और जकार्ता जैसे गंतव्य शामिल हो सकते हैं।
इस बदलाव से नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए भी जगह उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
