- सूर्यकांत उपाध्याय

एक बार स्वामी विवेकानंद जी किसी स्थान पर प्रवचन दे रहे थे। श्रोताओं के बीच एक मंझा हुआ चित्रकार भी बैठा था। उसे व्याख्यान देते हुए स्वामी जी अत्यंत ओजस्वी प्रतीत हुए। वह इतना प्रभावित हुआ कि अपनी डायरी के एक पृष्ठ पर उनका रेखाचित्र बनाने लगा।
प्रवचन समाप्त होने के बाद उसने वह चित्र स्वामी विवेकानंद जी को दिखाया। चित्र देखते ही स्वामी जी आश्चर्यचकित रह गए। उन्होंने पूछा, ‘तुमने मंच पर मेरे सिर के ठीक पीछे जो चेहरा बनाया है, क्या तुम जानते हो कि यह किसका है?’
चित्रकार ने उत्तर दिया, ‘नहीं, लेकिन पूरे व्याख्यान के दौरान मुझे यह चेहरा आपके ठीक पीछे झिलमिलाता हुआ दिखाई देता रहा।’
यह सुनते ही स्वामी विवेकानंद जी भावुक हो उठे। उनका गला भर आया। उन्होंने कहा, ‘धन्य हैं तुम्हारी आंखें! आज तुमने साक्षात मेरे गुरुदेव श्रीरामकृष्ण परमहंस जी के दर्शन किए हैं। यह चेहरा मेरे गुरुदेव का ही है, जो हर प्रवचन में दिव्य रूप से सदैव मेरे साथ रहते हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नहीं बोलता, वे ही बोलते हैं। मेरी क्या हस्ती कि मैं कुछ कह-सुना सकूं! जो कुछ भी लोगों तक पहुंच रहा है, वह उन्हीं की कृपा है। जरा देखो, माइक आगे होता है और वक्ता का मुख उसके पीछे। ठीक ऐसा ही अलौकिक दृश्य इस चित्र में भी है। मैं आगे दिखाई दे रहा हूं, लेकिन वास्तविक वक्ता तो मेरे गुरुदेव हैं, जो मेरे पीछे हैं।’
गुरु और शिष्य के बीच युगों-युगों से यही रहस्यमयी लीला चलती आ रही है। सच्चा शिष्य कभी स्वयं को अपनी सफलता या सामर्थ्य का श्रेय नहीं देता बल्कि हर उपलब्धि को अपने गुरु की कृपा मानता है।
- शिक्षा: अपने गुरु पर पूर्ण विश्वास रखें। वे भले ही प्रत्यक्ष रूप से दिखाई न दें, लेकिन उनकी कृपा और मार्गदर्शन सदैव हमारे साथ रहते हैं।
