- मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र के यात्रियों को जल्द ही पनवेल से वसई-विरार तक बिना लोकल बदले सफर करने की सुविधा मिल सकती है। पनवेल-वसई के बीच ६९.२३ किलोमीटर लंबे नए उपनगरीय रेलमार्ग के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड की परियोजना मूल्यांकन समिति ने मंजूरी दे दी है। इस मार्ग पर १७ स्टेशन विकसित किए जाएंगे।

मुंबई नागरी परिवहन परियोजना (एमयूटीपी-३बी) के तहत बनने वाले इस रेलमार्ग पर १२,७१०.८२ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें करीब २८ किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा।
फिलहाल पनवेल से वसई-विरार जाने वाले यात्रियों को कुर्ला या दादर में लोकल बदलनी पड़ती है। नया मार्ग शुरू होने से नवी मुंबई, भिवंडी और वसई-विरार के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों का समय बचेगा।
महाराष्ट्र सरकार पहले ही परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है। हालांकि, निर्माण शुरू करने के लिए नीति आयोग और केंद्रीय वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी है। परियोजना की जिम्मेदारी मुंबई रेल विकास निगम (एमआरवीसी) को सौंपी गई है।
