
- आंवले के पूजन का विशेष महत्व
हिंदू धर्म में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे कुष्मांड नवमी, आंवला नवमी और अक्षय नवमी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए जप, तप, पूजा-पाठ और दान का पुण्य कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए इसे अक्षय फल प्रदान करने वाला पर्व कहा गया है।
- द्वापर युग का आरंभ
पद्मपुराण के अनुसार, इसी दिन द्वापर युग का आरंभ हुआ था। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इस तिथि पर भगवान विष्णु ने कुष्मांड नामक दैत्य का वध किया था। कहा जाता है कि उस दैत्य के शरीर से ही कूष्मांड यानी कद्दू की बेल उत्पन्न हुई। इसी कारण इस दिन कद्दू का दान करने की परंपरा प्रचलित है। मान्यता है कि कद्दू के भीतर सोना, चांदी अथवा अन्य मूल्यवान वस्तु रखकर किसी योग्य ब्राह्मण को गुप्त दान करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
- आंवला वृक्ष का पूजन
इस पर्व पर आंवले के वृक्ष की पूजा का भी विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल नवमी से पूर्णिमा तक आंवले के वृक्ष में भगवान लक्ष्मीनारायण का वास रहता है। यह भी कहा जाता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष से अमृत की बूंदें टपकती हैं। इसलिए श्रद्धालु आंवले के पेड़ की पूजा करते हैं और उसके नीचे बैठकर भोजन करते हैं। इससे उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होने की मान्यता है।
- विवाह की परंपरा
कुछ स्थानों पर इस दिन आंवले और पीपल के वृक्ष का विवाह कराने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसे अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। भगवान श्रीकृष्ण से भी इस पर्व का संबंध है। मान्यता है कि इसी दिन वे वृंदावन की लीलाएं छोड़कर मथुरा आए थे। इसलिए वृंदावन की परिक्रमा करने का भी विशेष महत्व बताया गया है।
कुष्मांड नवमी का संदेश केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। यह पर्व प्रकृति, वृक्षों के संरक्षण, दान, सेवा और लोककल्याण की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। इस दिन श्रद्धा से आंवले के वृक्ष का पूजन, जरूरतमंदों को दान और भगवान विष्णु की आराधना करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
