- सूर्यकांत उपाध्याय

लंका युद्ध में जब मेघनाद ने लक्ष्मणजी पर शक्तिबाण चलाया और वे मूर्छित हो गए, तब भगवान श्रीराम भाई की दशा देखकर विलाप करने लगे। इसी दौरान उन्हें बचपन की एक घटना याद आई, जब लक्ष्मणजी ने अयोध्या में चोरी करते हुए मेघनाद को पकड़ लिया था।
तुलसीदासजी ने श्रीराम की उस वेदना का वर्णन करते हुए लिखा है-
‘जो जनतेउ वन बंधु बिछोहू।
पिता बचन मनतेउ नहिं ओहू॥’
कथा के अनुसार, एक बार रावण समुद्र तट पर भगवान शिव की आराधना कर रहा था। तभी पानी में बहकर कमल के एक अद्भुत फूल की पंखुड़ी उसके पास आई। उसकी सुंदरता देखकर रावण के मन में पूरा फूल प्राप्त कर उसे भगवान शिव को अर्पित करने की इच्छा जागी। वह उसी विचार में डूबा रहा। काफी देर तक रावण के वापस न लौटने पर मंदोदरी ने मेघनाद को उसकी खोज में भेजा।
पिता की इच्छा जानकर मेघनाद ने उन्हें पूरा कमल लाकर देने का वचन दिया। वह मायावी रूप धारण कर तीनों लोकों में उस फूल की तलाश करने लगा। खोजते हुए वह अयोध्या पहुंचा, जहां सरयू के तट पर एक उपवन के तालाब में उसे वैसे ही सुंदर कमल दिखाई दिए।
मेघनाद बिना अनुमति फूल तोड़ने लगा। उसे महाराज दशरथ की वाटिका में चोरी करते देखकर रखवालों ने वहां खेल रहे राम और लक्ष्मण को सूचना दी। दोनों भाइयों ने पहुंचकर उसे पकड़ लिया। लक्ष्मणजी उसे दंड देना चाहते थे, लेकिन श्रीराम ने कहा कि दंड देने का अधिकार राजा को है। इसके बाद वे मेघनाद को बांधकर पिता दशरथ के पास ले गए।
महाराज दशरथ ने पूरी बात सुनने के बाद कहा कि मेघनाद ने अपराध अवश्य किया है, लेकिन वह पिता की भक्ति और उनकी इच्छा पूरी करने के लिए ऐसा कर रहा था। इसलिए उसे दंड देने के बजाय कमल के फूल देकर छोड़ दिया जाए।
लंका युद्ध में जब लक्ष्मणजी के प्राण संकट में पड़े, तब श्रीराम को यही घटना याद आई। वे व्यथित होकर सोचने लगे कि यदि उस दिन पिता की आज्ञा न मानकर मेघनाद का वध कर दिया होता तो आज उनके भाई को यह कष्ट नहीं सहना पड़ता।
- लोकप्रचलित धार्मिक कथा
