- मुंबई । सोशल मीडिया पर कभी-कभी एक छोटी-सी घटना किसी की जिंदगी बदल देती है। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के दो साल के रुद्रांश सिंह ठाकुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। होंडा एक्टिवा के सामने चश्मा लगाकर अपने खास अंदाज में पोज देते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर इतना वायरल हुआ कि अब उसकी पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी एक होंडा डीलर ने उठाने का फैसला किया है।

रुद्रांश 9 नवंबर को अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ यवतमाल स्थित होंडा शोरूम में नई एक्टिवा खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान उसका एक वीडियो बनाया गया। वीडियो में वह चश्मा लगाए, हाथ जेब में डालकर बेहद आत्मविश्वास के साथ पोज देता नजर आया। परिवार ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा किया। देखते ही देखते वीडियो इंटरनेट पर छा गया और इसे 13.7 करोड़ से अधिक बार देखा गया। हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रियाएं भी दीं।
रुद्रांश का यह अनोखा अंदाज होंडा शोरूम के मालिक दिलीप बोबडे पाटिल को भी पसंद आया। उन्होंने बच्चे और उसके परिवार को शोरूम बुलाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने रुद्रांश की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चे की केजी-1 से लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी होने तक का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।
इस पहल की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने वाले यश चिंचोलकर ने इसे बच्चे के भविष्य के लिए बड़ी सौगात बताया। रुद्रांश की मां ने भी इस सहयोग पर खुशी जताई और कहा कि बेटे को मिल रहा लोगों का प्यार उनके परिवार के लिए बेहद खास है।
सोशल मीडिया पर रुद्रांश को ‘ऑरा किड’ के नाम से पहचान मिल रही है। उसके आत्मविश्वास और अंदाज को देखकर लोग उसे छोटे डॉन और होंडा का भावी चेयरमैन तक कह रहे हैं।
