- नए शोध में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य

- मुंबई । रात की शिफ्ट में लगातार काम करना दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। एक नए शोध में सामने आया है कि नियमित रूप से नाइट शिफ्ट करने वाले लोगों के हृदय की बनावट और उसकी कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसकी प्रमुख वजह शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी और नींद-जागने के चक्र का प्रभावित होना माना जा रहा है।
यह अध्ययन ‘यूरोपियन हार्ट जर्नल-कार्डियोवैस्कुलर इमेजिंग’ में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने ब्रिटेन के यूके बायोबैंक के 42,671 लोगों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण किया। इनमें 1,322 लोग नियमित रूप से रात की शिफ्ट में काम करते थे। प्रतिभागियों की औसत आयु 52 वर्ष थी।
हृदय की स्थिति का आकलन करने के लिए कार्डियक एमआरआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया। जांच में पाया गया कि नियमित नाइट शिफ्ट करने वाले लोगों के हृदय की मांसपेशियों की दीवारें अपेक्षाकृत मोटी और हृदय के कक्ष कुछ छोटे हो सकते हैं। दिल की मांसपेशियों के सिकुड़ने की क्षमता में भी मामूली अंतर देखा गया। हालांकि, हृदय की रक्त पंप करने की कुल क्षमता में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं मिला।

- रक्त में भी दिखे बदलाव
शोध में हृदय स्वास्थ्य से जुड़े रक्त संकेतकों में भी अंतर पाया गया। नाइट शिफ्ट करने वाले लोगों में ओमेगा-3 फैटी एसिड डीएचए और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) से जुड़े कुछ संकेतकों का स्तर कम था। वहीं, ट्राइग्लिसराइड्स और सूजन से संबंधित संकेतक अधिक पाए गए।
शोधकर्ताओं के अनुसार, ये निष्कर्ष नाइट शिफ्ट और हृदय में होने वाले बदलावों के बीच संबंध दर्शाते हैं, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि रात में काम करना सीधे हृदय को नुकसान पहुंचाता है।
विशेषज्ञों ने नाइट शिफ्ट करने वालों को पर्याप्त नींद लेने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित भोजन अपनाने की सलाह दी है। साथ ही रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और रक्त शर्करा की नियमित जांच कराने पर जोर दिया है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इस संबंध को बेहतर ढंग से समझने के लिए लंबे समय तक अध्ययन की जरूरत है।
