
मुंबई।
हिंदुस्तानी प्रचार सभा मुम्बई की ओर से गुरुवार 14 अगस्त 2025 को आयोजित काव्य उत्सव में डाॅ रोशनी किरण, डॉ दमयन्ती शर्मा और कवि-गायक विनोद दुबे ने विविधरंगी रचनाएं सुनाईं। देवमणि पांडेय ने संचालन किया।
डॉ रीता कुमार ने “स्वतंत्रता दिवस : अपेक्षाएं और दायित्व” विषय पर बोलते हुए बताया कि महात्मा गांधी ने सन् 1942 में हिंदुस्तानी प्रचार सभा की स्थापना की थी। सभा का कार्यालय मुंबई के चर्नीरोड पश्चिम स्थित महात्मा गाँधी मेमोरियल बिल्डिंग में है। इस बिल्डिंग में एक समृद्ध पुस्तकालय भी है। प्रमुख न्यासी अरविंद डेगवेकर ने जानकारी दी कि हिंदुस्तानी प्रचार सभा की ओर से देश के सौ से अधिक कारागारों में क़ैदियों के लिए पुस्तकालय की स्थापना की गई है। राकेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संयोजन किया।

आज़ादी के कुछ साल पहले जब हिंदी को हिंदुओं की और उर्दू को मुसलमानों की भाषा बता कर सियासत ने दिलों में दरार पैदा करने की साज़िश रची तब महात्मा गांधी ने दिलों की दूरी को पाटने के लिए पेरीन बेन नरीमन के नेतृत्व में मुंबई के चर्नी रोड स्टेशन के पास सन् 1942 में हिंदुस्तानी प्रचार सभा की स्थापना की। जब यहां इमारत बनी तो उसका नाम महात्मा गांधी मेमोरियल बिल्डिंग रखा गया। यहां पर आज भी सरल हिंदी और सरल उर्दू मुफ़्त में सिखाई जाती है। यहां एक विशाल पुस्तकालय है जिसमें हिंदी उर्दू पुस्तकों का समृद्ध भंडार है।