
● मुंबई
अपनी अनूठी हास्य शैली से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले अभिनेता राजपाल यादव ने अब डिजिटल मंच पर कदम रख दिया है। वर्षों तक बड़े पर्दे पर मुस्कान बिखेरने के बाद उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से सीधे दर्शकों से जुड़ने का निर्णय लिया है।
अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए इस नई पारी की घोषणा की। आत्मीय और सहज अंदाज में उन्होंने कहा, ‘हाय दोस्तों, मैं आपका राजपाल हूं। काफी समय से एक नए चैप्टर की तैयारी कर रहा था और अब वह समय आ गया है। मुझे आपके आशीर्वाद की जरूरत है।’ उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘राजपाल नौरंग यादव’ नाम से शुरू हो चुका है।
राजपाल यादव ने स्पष्ट किया कि इस डिजिटल मंच का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सकारात्मक और पारिवारिक कंटेंट प्रस्तुत करना है। उनके अनुसार, यह चैनल हर आयु वर्ग के दर्शकों के लिए होगा, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक। ‘यहां आपको सुकून देने वाला, स्वस्थ और साफ-सुथरा मनोरंजन मिलेगा। यह चैनल आप सभी का है, इसे देखें, साझा करें और सब्सक्राइब करें,’ उन्होंने कहा।
हाल ही में जमानत मिलने के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार भी व्यक्त किया था। उन्होंने अपने समर्थनकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए उनके प्रेम को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
स्पष्ट है कि राजपाल यादव अब डिजिटल मंच पर भी अपनी सहजता और हास्य से दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार हैं।
