● बोले, ‘मनपा में महायुति का महापौर लाना होगा’

◆ मुंबई। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को भाजपा की वर्ली में आयोजित विजय संकल्प रैली में शिवसेना (उद्धव गुट) पर सीधा हमला बोला। उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड काल में जब आम लोग बेड, ऑक्सीजन और इलाज के अभाव में तड़प रहे थे, तब मनपा ने हजारों करोड़ रुपये होने के बावजूद राहत नहीं दी।

फडणवीस ने कहा कि संकट के समय मनपा की जिम्मेदारी थी कि वह व्यवस्था करती, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों ने जरूरतमंदों की जगह अपने रिश्तेदारों को ठेके दिए। ईडी की चार्जशीट का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नकली डॉक्टरों, कंपाउंडरों और नर्सों को दिखाकर करोड़ों का घोटाला किया गया, जिससे आम मुंबईकर की जानें गईं।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, ‘ये निकम्मे लोग, जिन्होंने शव बैग और कफन तक में भ्रष्टाचार किया, वे आज मुंबईकरों के सामने क्या मुंह दिखाएंगे? ये कफन चोर हमें क्या सीख देंगे?’

जनसभा में फडणवीस ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को सच्चाई बताएं। उन्होंने कहा कि मुंबई कोई सोने का अंडा देने वाली मुर्गी नहीं, देश और महाराष्ट्र को गौरव देने वाला शहर है। इसे वापस उसकी पहचान दिलाना महायुति की जिम्मेदारी है और इसी संकल्प के साथ मनपा में महायुति का महापौर लाना होगा।