
मुंबई। हिंदी दिवस के अवसर पर गोरेगांव (पश्चिम) स्थित केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट हॉल में युगांश फाउंडेशन द्वारा हिंदी साहित्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ।
फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश वर्मा ने संस्था की सामाजिक और साहित्यिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए राकेशमणि तिवारी ने हिंदी भाषा के समक्ष खड़ी विकृतियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कवयित्री कुसुम तिवारी की काव्य कृति ‘अद्भुत संगम’ का विमोचन किया गया। साथ ही हिंदी साहित्य सेवा में समर्पित अनेक साहित्यकारों को हिंदी सेवी सम्मान से नवाजा गया। सम्मानित होने वालों में अनिरुद्ध पांडेय (संस्थापक-अध्यक्ष: समन्वय संकल्प), डॉ. कृपाशंकर मिश्र, मनोज कुमार सिंह, रामप्यारे सिंह रघुवंशी, दिनेश चन्द्र बैसवारी और शरद राय प्रमुख रहे।
काव्य पाठ के सत्र में कवि श्रीधर मिश्र, लालबहादुर यादव, प्रेम जौनपुरी और निहारिका मिश्रा ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।