
नई दिल्ली। लंबे अंतराल के बाद भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं 26 अक्तूबर से बहाल होने जा रही हैं। गुरुवार को विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी साझा की।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों देशों के बीच उड़ानें रोक दी गई थीं। इसके बाद पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद के चलते यह सेवाएं बहाल नहीं हो पाई थीं। अब आपसी सहमति के बाद तय हुआ है कि भारत और चीन के कुछ चुनिंदा शहरों के बीच सीधी उड़ानें महीने के अंत तक फिर से शुरू की जाएंगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस साल की शुरुआत से ही दोनों देशों के नागरिक उड्डयन विभाग तकनीकी स्तर पर वार्ता कर रहे थे। इस चर्चा में सीधी उड़ानों की बहाली के साथ-साथ एयर सर्विसेज एग्रीमेंट (हवाई सेवा समझौता) पर भी नए सिरे से सहमति बनी है।
हालांकि, उड़ानों का संचालन पूरी तरह एयरलाइनों के व्यावसायिक निर्णय और तकनीकी मानकों की पूर्ति पर निर्भर करेगा। माना जा रहा है कि इस कदम से दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ेगा और रिश्तों में सामान्यता लौटाने की दिशा में सकारात्मक माहौल बनेगा।
