
● रेक्याविक।
अब तक मच्छर-मुक्त माने जाने वाले यूरोप के छोटे द्वीपीय देश आइसलैंड में पहली बार मच्छरों की मौजूदगी दर्ज की गई है। राजधानी रेक्याविक के पास स्थित क्यॉस कस्बे में एक कीट-प्रेमी स्थानीय व्यक्ति ब्योर्न हाल्टासन ने अपने बगीचे में दो मादा और एक नर मच्छर देखे। वैज्ञानिकों ने उनकी इस खोज की पुष्टि कर दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि मच्छर आइसलैंड तक कैसे पहुंचे, लेकिन माना जा रहा है कि ग्लोबल वॉर्मिंग इसका प्रमुख कारण है। उत्तरी गोलार्ध की तुलना में आइसलैंड चार गुना तेजी से गर्म हो रहा है। वर्ष 2025 में यहां मई माह का तापमान रिकॉर्ड 26.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि सामान्यतः यह 20 डिग्री से ऊपर नहीं जाता।
वैज्ञानिकों का कहना है कि बढ़ते तापमान और आर्द्रता ने मच्छरों के लिए ऐसा माहौल बना दिया है, जिसमें वे अब आइसलैंड जैसी ठंडी जगहों पर भी जीवित और प्रजनन करने में सक्षम हो गए हैं। यह परिवर्तन न सिर्फ मौसम, बल्कि पूरे ईकोसिस्टम के बदलते संतुलन का संकेत है।
