■ स्पेशल ट्रेनों पर त्वरित फैसला, यात्रियों को राहत

● नई दिल्ली
होली के मद्देनजर बढ़ती यात्री संख्या को संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को अपनी संचालन रणनीति का केंद्रीय आधार बना लिया है। टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन संचालन और भीड़ प्रबंधन तक, तकनीक अब निर्णय प्रक्रिया को गति दे रही है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, एआई की सहायता से भीड़ का आकलन कर मात्र आधे घंटे में स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया जा रहा है। उद्देश्य यह है कि त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित यात्रियों के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाया है। यहां उच्च क्षमता वाले कैमरे लगाए गए हैं, जो यात्रियों की संख्या गिनने के साथ उनकी गतिविधियों का विश्लेषण करते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर एआई यह अनुमान लगाता है कि किस समय भीड़ बढ़ सकती है और उसी अनुरूप परिचालन योजना तैयार की जाती है।
अनारक्षित टिकटों की बिक्री के पैटर्न को भी एआई प्रणाली से जोड़ा गया है। यदि किसी रूट पर 15 से 20 मिनट के भीतर टिकटों की बिक्री तेजी से बढ़ती है, तो वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त या स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है।
यात्रियों की संभावित वृद्धि को देखते हुए 18 मार्च तक विभिन्न जोन में 1,244 विशेष ट्रेन यात्राएं प्रस्तावित की गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या में और वृद्धि की जाएगी, ताकि त्योहार का उत्साह यात्रियों की असुविधा में न बदले।
