■ हजारों बिछड़े लोगों को मिलानेवाले पांडेय की अनूठी प्रतिज्ञा

● रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई
गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से मिलाने वाले मुंबई पुलिस के रिटायर्ड सहायक पुलिस उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय ने आजीवन लोगों की सेवा करने का संकल्प लिया है। ‘सद्वार्ता’ से हुई मुलाकात में श्री पाण्डेय ने बताया कि वे 1993 बैच में पुलिस कर्मी के रूप में भर्ती हुए थे। सांताक्रुज, मालाड और अंधेरी पुलिस थानों में सेवा करते हुए वे 31 दिसंबर 2024 को एएसआई पद से रिटायर हुए।
श्री पाण्डेय अब तक 3000 से अधिक बिछड़े लोगों को उनके परिवार से मिलाने में सफल रहे हैं। इसके लिए उन्हें देश के विभिन्न राज्यों, यहां तक कि नेपाल तक का दौरा करना पड़ा।
मुंबई पुलिस द्वारा 2011 में शुरू किए गए ‘आपरेशन मुस्कान’ के तहत श्री पाण्डेय ने हजारों गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। चाहे मामला फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हो या किसी आई ए एस अधिकारी के रिश्तेदार का, पाण्डेय जी हर काम को अपनी सूझबूझ और मेहनत से सुलझा देते हैं। इन प्रयासों में उन्हें कभी पोस्टमैन, कभी कूरियर बॉय, कभी व्यापारी और कभी हमदर्द बनकर काम करना पड़ता है।
हाल ही में उन्होंने चार साल से लापता बच्ची का पता लगाकर उसे उसके परिजनों से मिलवाया। वे बताते हैं कि दिल्ली में आल इंडिया पुलिस मीट के दौरान टेलीग्राम ग्रुप के जनक डी वाई एस पी राजपाल डबास और रिटायर्ड डी सी पी विनोद सिरोही द्वारा सम्मानित किए जाने के समय ही नागपुर से लापता 15 वर्षीय लड़की का मामला सामने आया। दिल्ली में रहते हुए भी उन्होंने अपनी सूझबूझ से उस लड़की का पता लगवाया और उसे उसके परिजनों तक पहुंचाने में विभाग की मदद की। उनके इन कार्यों के लिए उन्हें कभी नकद सम्मान तो कभी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
घर से बिछड़े लोगों की मदद और मार्गदर्शन के लिए उनसे इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है 9821594423.
