
● मुंबई
मुंबई को विश्वस्तरीय महानगर बनाने के लक्ष्य के साथ महायुति सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांदिवली पश्चिम में आयोजित जनसभा में झोपड़पट्टी मुक्त मुंबई, सुदृढ़ बुनियादी ढांचा और तेज़ परिवहन व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकताएं बताते हुए विकास कार्यों का खाका प्रस्तुत किया। साथ ही उन्होंने उबाठा–मनसे युति पर निशाना साधते हुए विकास के मुद्दे पर विपक्ष की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई को झोपड़पट्टी और झुग्गी मुक्त बनाने के महायुति सरकार के संकल्प को दोहराते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया और कहा कि ‘मामु’ शब्द का गलत अर्थ न निकाला जाए, इसका आशय केवल ‘माजी मुख्यमंत्री’ से है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महायुति सरकार ने मुंबई के सुनियोजित और सुरक्षित विकास की ठोस योजना बनाई है और उसे जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झोपड़पट्टी मुक्त मुंबई केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकता है।

● ‘चमकदार कागज’ करार दिया संयुक्त घोषणा पत्र
शिवसेना (उबाठा) और मनसे के संयुक्त घोषणा पत्र पर कटाक्ष करते हुए फडणवीस ने कहा कि यह कोई ‘वचननामा’ नहीं, बल्कि सिर्फ बातों का चमकदार कागज है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 में किए गए वादों को तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पूरा करने में असफल रहे। उबाठा–मनसे गठबंधन को उन्होंने ‘कन्फ्यूजन और करप्शन की युति’ बताते हुए कहा कि ठाकरे बंधु विकास पर एक भी ठोस बात करने से बचते हैं। कभी कैमरे के सामने तो कभी कार्टूनिस्ट के साथ दिखते हैं, पर मुंबई के विकास पर मौन रहते हैं।
● मेट्रो और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि आने वाले समय में बोरीवली से ठाणे की दूरी महज 15 मिनट में तय की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों ने 15 वर्षों में केवल 11 किलोमीटर मेट्रो बनाई, जबकि महायुति सरकार ने 7.5 वर्षों में 475 किलोमीटर मेट्रो परियोजनाओं पर काम किया है।
फडणवीस ने कहा कि लक्ष्य यह है कि मुंबई और महानगर क्षेत्र में किसी भी कोने तक एक घंटे के भीतर पहुँचा जा सके।
● रेलवे सुधार और भ्रष्टाचार पर वार
पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं और भविष्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस लोकल ट्रेनें शुरू की जाएंगी। मीठी नदी घोटाले का उल्लेख करते हुए उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष किया और कहा कि जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, वही अब निर्विरोध चुने जाने की बातें कर रहे हैं। जनता सब देख रही है और सही समय पर जवाब देगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दो टूक कहा कि महायुति सरकार का एजेंडा स्पष्ट है केवल विकास। मुंबई को विश्वस्तरीय महानगर बनाने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ तेज़ी से काम कर रही है।
