- 2025 में 5.55 करोड़ यात्रियों की रिकॉर्ड आवाजाही

● मुंबई
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने वर्ष 2025 में यात्री यातायात के मामले में नया इतिहास रच दिया। पूरे वर्ष के दौरान हवाई अड्डे से 5.55 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे मुंबई एयरपोर्ट ने देश के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, 2025 में घरेलू उड़ानों से 3.92 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 1.63 करोड़ रही। कैलेंडर वर्ष के आधार पर यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 1.3 प्रतिशत अधिक है, वहीं 2023 के मुकाबले इसमें 7.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय मार्गों में मध्य-पूर्व यात्रियों की पहली पसंद बना रहा। कुल अंतरराष्ट्रीय यात्री हिस्सेदारी में दुबई शीर्ष पर रहा, जिसकी हिस्सेदारी 15 प्रतिशत रही। अबू धाबी और लंदन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जहां प्रत्येक की हिस्सेदारी 7.5 प्रतिशत दर्ज की गई।
घरेलू हवाई यात्रा में दिल्ली सबसे व्यस्त मार्ग रहा, जिसने कुल घरेलू यातायात का 17 प्रतिशत योगदान दिया। बेंगलुरु 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे और गोवा 6 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। घरेलू उड़ानों के क्षेत्र में इंडिगो, टाटा समूह की एयर इंडिया और अकासा एयर ने सबसे अधिक यात्रियों को सेवाएं प्रदान कीं।
जनवरी 2025 मुंबई एयरपोर्ट का सबसे व्यस्त महीना साबित हुआ, जब लगभग 50 लाख यात्रियों ने यहां से यात्रा की। नवंबर में करीब 49 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। प्रशासन के अनुसार, नवंबर माह विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि इसी अवधि में वर्ष के तीन सबसे व्यस्त दिन दर्ज किए गए।
अक्तूबर से दिसंबर की तिमाही भी रिकॉर्डतोड़ रही और यह अब तक की सबसे अधिक यात्री आवाजाही वाली तिमाही के रूप में दर्ज हुई। हवाई अड्डा प्रशासन का कहना है कि वर्ष 2025 में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर संपर्क विस्तार ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई, जिससे मुंबई एयरपोर्ट की राष्ट्रीय और वैश्विक कनेक्टिविटी और अधिक सशक्त हुई।
