◆ बीएमसी में इस पार्टी को बढ़त के संकेत

■ आत्मन मिश्र, मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव 2026 की मतगणना के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के समर्थक जीत के दावे कर रहे हैं और टीवी चैनलों पर पैनल चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म चैट जीपीटी, गूगल जैमिनी और परप्लेक्सिटी ने अपने विश्लेषणात्मक आकलन प्रस्तुत किए हैं, जिनमें महायुति को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
एआई टूल्स ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम, संगठनात्मक मजबूती, सत्ता में मौजूदगी, शहरी विकास परियोजनाओं और पिछले चुनावी रुझानों के आधार पर संभावित परिणामों की रूपरेखा तैयार की है। हालांकि इन आकलनों को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता, क्योंकि वास्तविक फैसला मतदाताओं के जनादेश से ही तय होगा।
एआई अनुमानों के अनुसार भाजपा–शिवसेना (शिंदे) की महायुति बीएमसी में सबसे बड़ा गठबंधन बनकर उभर सकती है। अनुमान है कि महायुति को 110 से 135 सीटें मिल सकती हैं। इसमें भाजपा की हिस्सेदारी अधिक रहने की संभावना जताई गई है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना को कुछ क्षेत्रों में संगठित मतों का लाभ मिल सकता है।
शिवसेना (उबाठा) और मनसे के गठबंधन को लेकर एआई विश्लेषणों में लगभग 70 सीटों का अनुमान सामने आया है। पारंपरिक मराठी मतदाता आधार कुछ वार्डों में मजबूती बनाए रख सकता है, पर व्यापक गठबंधन समीकरणों की कमी चुनौती के रूप में उभर सकती है।
कांग्रेस के खाते में 10 से 16 सीटें आने का अनुमान है, वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस (दोनों धड़ों को मिलाकर) 10 से 20 सीटों के बीच सिमट सकती है। अकेले मनसे को लेकर एआई का आकलन है कि पार्टी को लगभग 11 सीटें मिल सकती हैं, विशेषकर मराठी बहुल इलाकों में।
महापौर पद को लेकर भी एआई प्लेटफॉर्म्स के संकेत एक जैसे हैं। यदि ये अनुमान साकार होते हैं तो महायुति का महापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है। यह पद भाजपा या शिंदे गुट की शिवसेना में से किसी एक के हिस्से आ सकता है, जो चुनाव बाद सीटों के अनुपात और आपसी सहमति पर निर्भर करेगा।
तीनों एआई से एक ही प्रश्न पूछे जाने पर अनुमान अलग-अलग दायरे में सामने आए। चैट जीपीटी ने महायुति को 115 से 135 सीटें मिलने की संभावना जताई है। गूगल जैमिनी एआई का अनुमान 95 से 115 सीटों का है, जबकि परप्लेक्सिटी ने 120 से 136 सीटों का दायरा बताया है।
ठाकरे बंधुओं के गठबंधन को लेकर भी अनुमान भिन्न हैं। चैट जीपीटी ने 55 से 70, जैमिनी एआई ने 70 से 80 और परप्लेक्सिटी ने 70 से 82 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की है।
कुल मिलाकर एआई के विश्लेषण बीएमसी में सत्ता संतुलन की एक संभावित तस्वीर पेश कर रहे हैं, पर अंतिम फैसला मतगणना के आंकड़ों के साथ ही स्पष्ट होगा।
