■ मुकेश गौतम की अगुवाई में जुटे दिग्गज

● मुंबई
सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था “गौतम प्रतिष्ठान” की ओर से रेलवे क्लब सभागार, माटुंगा में आयोजित समारोह में समाज-निर्माण में सार्थक भूमिका निभाने वाले युग नायकों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में अपने समय की दिग्गज हस्तियों और वर्तमान में समाजहित में कार्यरत संस्थाओं को मुख्य अतिथि दैनिक भास्कर के संपादक भुवेंद्र त्यागी तथा भाजपा नेता एवं श्री सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी के करकमलों से सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में हॉकी विश्व कप 1975 की विजेता भारतीय टीम के सदस्य ओलंपियन ओंकार सिंह, बैडमिंटन के थॉमस कप खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय चैंपियन इकबाल मैंदर्गी, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, छह दशकों से निरंतर हास्य मंच पर सक्रिय हास्य कलाकार के.के. नायकर, वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह, हास्य कवि आशकरण अटल, हिंदीसेवी अशोक कन्नौजिया तथा रेलवे समाचार के संपादक सुरेश त्रिपाठी को गौतम प्रतिष्ठान द्वारा सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही सौ वर्षों से भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्रदान कर रही संस्था कल्याण गायन समाज, टाटा कैंसर हॉस्पिटल में कैंसर रोगियों की सहायता में कार्यरत संस्था वी-केयर फाउंडेशन तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय युवाओं के समूह “चेंज इज़ अस” को भी गौतम प्रतिष्ठान के ट्रस्टी डॉ. मुकेश गौतम, पत्रकार विकास संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा एवं हास्य कलाकार जिम्मी मोजेज द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मुकेश गौतम के काव्य संग्रह “हरित-अमृत”, डॉ. निशा मिश्रा के काव्य संग्रह “नन्हे तारे” तथा डॉ. पूजा अलापुरिया के कहानी संग्रह “पैसे भी किताबें भी” का विमोचन भी किया गया।
अपने संबोधन में आचार्य पवन त्रिपाठी ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्लास्टिक का कम उपयोग तथा वृक्षों का संरक्षण और संवर्धन आज की प्राथमिक जरूरत है। वहीं मुख्य अतिथि भुवेंद्र त्यागी ने गौतम प्रतिष्ठान द्वारा सम्मानित व्यक्तियों और संस्थाओं के कार्यों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित करने से समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है तथा वन, उपवन और प्रकृति संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में आर.के. जैन, गौतम प्रतिष्ठान की ट्रस्टी विमला गौतम, हास्य कलाकार बनवारी झोल, हास्य कवि संजय बंसल, गीतकार रासबिहारी पाण्डेय, आर.के. पब्लिकेशन के रामकुमार, पत्रकार अमर त्रिपाठी, रजनीकांत मिश्रा, तुषार भट्टाचार्य, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शैलेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार सुनील मेहरोत्रा सहित कला, खेल, समाज और साहित्य जगत से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह का संचालन शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने किया।

बहुत बढ़िया
गौतम प्रतिष्ठान का सराहनीय कार्यक्रम के लिए बधाई