
● जैसलमेर
राजस्थान के जैसलमेर शहर से चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी चौंका दिया है। आरसीपी कॉलोनी में स्थित एक सरकारी कर्मचारी के सूने क्वार्टर में सेंध लगाने वाले चोर ने कीमती सामान चुराने के बाद ऐसा संदेश छोड़ा, जो चर्चा का विषय बन गया है।
चोर ने घर की दीवार पर लिपस्टिक से बड़े-बड़े अक्षरों में मकान मालिक और पुलिस को संबोधित करते हुए संदेश लिखा। संदेश में उसने बार-बार ‘बिहारी बाबू’ शब्द का इस्तेमाल किया। चोर ने नोटबुक में तंज कसते हुए लिखा कि यदि घर में शराब रखी जाती है तो साथ में आलू चिप्स भी रखे जाएं। इतना ही नहीं, उसने पुलिस को भी सीधे चुनौती दी और दीवार पर लिखा कि थाने में शिकायत करने से वक्त ही बर्बाद होगा, इसलिए रिपोर्ट न करें।
लिपस्टिक से लिखे गए ये संदेश चोर के बेखौफ रवैये को दर्शाते हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हैं। इस मामले की जानकारी देते हुए इंदिरा गांधी नहर परियोजना के सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ ने बताया कि वे आरसीपी कॉलोनी स्थित आईजीएनपी सरकारी क्वार्टर में रहते हैं। सरकारी कार्य के सिलसिले में वे बाड़मेर गए हुए थे। इसी दौरान चोर ने सूने क्वार्टर को निशाना बनाया।
चोर क्वार्टर से लैपटॉप और टीवी लेकर फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है।
