● नया सप्ताह कई राशियों के लिए अवसर, प्रगति और राहत का संकेत दे रहा है, वहीं कुछ राशियों को सतर्कता और संतुलन बनाए रखने की सलाह है। करियर, कारोबार, धन, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन के लिहाज से यह सप्ताह क्या परिणाम देगा।
आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का साप्ताहिक राशिफल-

● मेष
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान आपको घर और बाहर, दोनों जगह लोगों का सहयोग और समर्थन मिलेगा। आत्मीयजनों की मदद से बीते कुछ सप्ताहों से चली आ रही किसी बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। इस समय आप अपने करियर और कारोबार में भी उल्लेखनीय प्रगति करेंगे।
● वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल देने वाला रहेगा। हालांकि सप्ताह की शुरुआत शुभ रहेगी। इस दौरान आपकी आय के नए स्रोत बनेंगे और कारोबार में लाभ होगा। बीते कुछ समय से चली आ रही आर्थिक तंगी से घरेलू खर्चों पर नियंत्रण के कारण राहत मिलेगी। यदि आपने किसी को कारोबार के सिलसिले में उधार दिया था, तो वह धन अप्रत्याशित रूप से वापस मिल सकता है।
● मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत शुभ और लाभप्रद साबित होगा। करियर और कारोबार में अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। परिश्रम और प्रयास का मनचाहा फल प्राप्त होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी शुभ समाचार से परिवार में हर्ष का माहौल बनेगा। इस दौरान धार्मिक या मांगलिक कार्य भी संपन्न हो सकते हैं।
● कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लेकर आएगा। पूरे सप्ताह करियर और कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में बड़ी राहत मिल सकती है। परिस्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी और जिस कार्य का बीड़ा उठाएंगे, उसमें सफलता और लाभ प्राप्त होगा।
● सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत करियर और कारोबार की दृष्टि से अनुकूल रहेगी। इस दौरान आप व्यापार में मनचाहा लाभ प्राप्त करेंगे। बिक्री में वृद्धि से प्रसन्नता रहेगी। निवेश के लिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था हो सकेगी और आय के नए स्रोत बनेंगे। हालांकि सप्ताह के मध्य में साझेदारों या सप्लायरों से जुड़े कुछ विवाद चिंता का कारण बन सकते हैं।
● कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अनुकूल और मनचाहे फल देने वाला रहेगा। कर्म और भाग्य के समन्वय से बेहतर परिणाम मिलेंगे। सकारात्मक सोच और बढ़ा हुआ आत्मविश्वास आपकी पहचान बनेगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में परिवार के सदस्यों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।
● तुला
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल देने वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में अचानक कुछ बड़े खर्च सामने आ सकते हैं। धन, ऊर्जा और समय का संतुलित प्रबंधन आवश्यक होगा। यह समय आर्थिक दृष्टि से सीमित लाभ देने वाला है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सावधानी जरूरी है, विशेषकर पेट से संबंधित परेशानियां हो सकती हैं।
● वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत कुछ उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। व्यापार में लाभ-हानि की स्थिति बनी रहेगी। धन के लेन-देन में विशेष सावधानी बरतनी होगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में परिजनों या किसी आत्मीय व्यक्ति से बातचीत करते समय सोच-समझकर शब्दों का प्रयोग करें।
● धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सौभाग्य से भरपूर रहेगा। हर कार्य में पूरा प्रयास करने से सफलता मिलेगी। सप्ताह की शुरुआत में करियर या कारोबार के सिलसिले में छोटी या लंबी दूरी की यात्रा संभव है। यात्रा सुखद, लाभप्रद और नए संबंधों को मजबूत करने वाली रहेगी। निवेश के लिहाज से भी समय अनुकूल है।
● मकर
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह हर दृष्टि से उत्तम कहा जा सकता है। प्रभावशाली और वरिष्ठ लोगों के साथ संपर्क बढ़ेगा। कार्यक्षेत्र में अधिकारियों से निकटता बनेगी और जूनियर वर्ग का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या उच्च पद की प्राप्ति के योग हैं।
● कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उत्तम परिणाम देने वाला रहेगा। सप्ताह की शुरुआत से ही करियर, कारोबार और पारिवारिक मामलों में मनचाहे परिणाम मिलेंगे। परिजनों का सहयोग आपके आत्मबल और इच्छाशक्ति को मजबूत करेगा। व्यापारी वर्ग के लिए यह सप्ताह सामान्य से अधिक लाभदायी रहेगा। बाजार में फंसा हुआ धन अप्रत्याशित रूप से वापस मिल सकता है।
● मीन
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत शुभ साबित होगा। लंबे समय से रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से मनचाहा अवसर मिल सकता है। सप्ताह की शुरुआत में कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा संभव है। छात्र वर्ग के लिए भी यह सप्ताह उत्तम और फलदायी रहेगा।
