■ योगी सरकार का निर्णय

● लखनऊ
योगी सरकार ने होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की हैं। इसके तहत 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कर्मचारियों को 3600 से 4500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रियों का दबाव अधिक रहता है। इसलिए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से ही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री भार प्राप्त होता है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि शत-प्रतिशत निगम बसों को ऑन रोड रखा जाए तथा अनुबंधित बसों के कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामियों को समय पर मरम्मत कार्य पूर्ण कर बसें संचालन हेतु उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सरकार ने यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जाम या दुर्घटना की स्थिति पर नियंत्रण रखकर संचालन सुचारु बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रवर्तन दल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेंगे तथा चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइज़र परीक्षण भी किया जाएगा।
