■ 8 मार्च को अहमदाबाद में है फाइनल

● अहमदाबाद
टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को सात रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। भारतीय टीम चौथी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है और लगातार दूसरी बार खिताब के करीब पहुंची है। हालांकि फाइनल से पहले कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण चक्रवर्ती महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पैल में 64 रन दिए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में भी वह प्रभाव नहीं छोड़ सके थे, जहां उन्होंने चार ओवर में 40 रन देकर एक ही विकेट लिया था। सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उनके चार ओवर में 47 रन बने थे। लगातार बड़े मैचों में अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाना टीम के लिए चिंता बढ़ा रहा है।
ओपनर अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन भी इस टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा है। सात पारियों में वह केवल 89 रन ही बना पाए हैं। ग्रुप चरण के तीन मैचों में उनका खाता तक नहीं खुला था। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 15 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों में 55 रन की पारी खेलकर उम्मीद जगाई थी। लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ उनका बल्ला फिर शांत रहा।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फॉर्म भी टीम के लिए चिंता बढ़ा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने चार ओवर में 51 रन दिए, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 43 रन खर्च किए और कोई विकेट नहीं ले सके। लगातार वाइड गेंदें फेंकना भी समस्या बन रहा है।
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पांच मुख्य गेंदबाजों के साथ उतर रही है, ऐसे में अर्शदीप की लय का टूटना टीम संयोजन के लिए चुनौती खड़ी कर रहा है। फाइनल मुकाबले से पहले टीम प्रबंधन इन समस्याओं का समाधान तलाशने में जुटा है।
