■ टॉप-10 में 7 पुरुष और 3 महिलाएं, अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया

● नई दिल्ली
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इंटरव्यू चरण तक पहुंचे अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणाम के साथ ही आयोग ने अंतिम मेरिट सूची और कट-ऑफ भी जारी कर दी है।
इस वर्ष भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) समेत केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ के पदों के लिए कुल 958 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। आयोग के अनुसार इनमें से 348 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी अस्थायी (प्रोविजनल) रखी गई है, जबकि दो अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है।
टॉप-10 की सूची में इस बार पुरुष अभ्यर्थियों का दबदबा देखने को मिला। शीर्ष दस में 7 पुरुष और 3 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एकांश ढुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह शीर्ष तीन में दो स्थान पुरुष अभ्यर्थियों के खाते में गए।
इधर, बिहार के औरंगाबाद जिले की बेटी मोनिका श्रीवास्तव ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 16 प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
यूपीएससी की यह परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में मानी जाती है, जिसके माध्यम से प्रशासनिक और केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।
