- भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत

● अहमदाबाद
टी-20 विश्व कप 2026 अपने चरम पर पहुंच चुका है और अब खिताब का अंतिम फैसला होने वाला है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। इस महामुकाबले के साथ यह तय हो जाएगा कि इस बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। वहीं मिचेल सैंटनर के नेतृत्व में न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के इरादे से उतर रही है। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर रहने की उम्मीद है।
भारतीय टीम अब तक दो बार टी-20 विश्व कप की चैंपियन बन चुकी है। वर्ष 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर पहला खिताब जीता था। इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की अगुआई में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पराजित कर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। अब टीम के पास लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सुनहरा अवसर है। टी-20 विश्व कप के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम अपने खिताब का सफल बचाव नहीं कर सकी है, इसलिए भारत के पास नया इतिहास रचने का मौका है।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम 2021 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उसे खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में कीवी टीम इस बार उस अधूरे सपने को पूरा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
ईनामी राशि में बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस बार टूर्नामेंट की कुल ईनामी राशि 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 123.77 करोड़ रुपये) निर्धारित की है, जो 2024 के मुकाबले लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले 2024 में कुल ईनामी राशि 11.25 मिलियन डॉलर थी, जिसमें विजेता टीम को 2.45 मिलियन डॉलर और उपविजेता को 1.28 मिलियन डॉलर प्रदान किए गए थे।
