
● मुंबई
टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर महाराष्ट्र विधानसभा में विशेष अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में यह प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए पूरे सदन की ओर से भारतीय टीम को बधाई दी। दोनों सदनों की ओर से टीम इंडिया को बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। उन्होंने कहा कि एक मैच को छोड़कर टीम ने सभी मुकाबलों में जीत हासिल की, जो खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और मजबूत टीम भावना को दर्शाता है।
उन्होंने टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया, जो टी-20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान ने तेजतर्रार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और पटेल ने अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास रच दिया है। साथ ही भारत लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। विधानसभा की ओर से भारतीय टीम को औपचारिक अभिनंदन प्रस्ताव भेजने की भी घोषणा की गई।
