
● मुंबई
दक्षिण मुंबई के प्रसिद्ध कला और सांस्कृतिक क्षेत्र काला घोड़ा का स्वरूप जल्द ही बदलने वाला है। मुंबई मनपा की सौंदर्यीकरण योजना के तहत यहां की पांच प्रमुख सड़कों को यूरोपीय शैली में विकसित किया गया है। योजना पूरी होने के बाद यह इलाका खास तौर पर पैदल यात्रियों के लिए आकर्षक सांस्कृतिक जोन के रूप में सामने आएगा।
परियोजना के अंतर्गत सड़कों पर पत्थरों से बने कॉबल्ड वॉकवे तैयार किए गए हैं। साथ ही दीवारों पर रंग-बिरंगे स्ट्रीट आर्ट म्यूरल, सार्वजनिक बैठने की जगह और खुले में खाने-पीने यानी अल-फ्रेस्को की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों के अनुसार, सप्ताहांत के दौरान इस क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित करने की योजना है, ताकि लोग यहां आराम से टहल सकें और कला-संस्कृति का आनंद ले सकें।
योजना के पहले चरण में पांच प्रमुख सड़कों को नया रूप दिया गया है। इनमें वीबी गांधी मार्ग (फोर्ब्स स्ट्रीट), रोपवॉक लेन, साईं बाबा रोड, रदरफील्ड स्ट्रीट और बी. भरूचा रोड शामिल हैं। इन मार्गों पर कॉबलस्टोन पाथवे के साथ आसपास की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और कलात्मक इंस्टॉलेशन लगाए गए हैं, जो इलाके की कलात्मक पहचान को और मजबूत करेंगे।
बीएमसी का उद्देश्य इस ऐतिहासिक क्षेत्र को पैदल यात्रियों के अनुकूल सांस्कृतिक प्रोमेनेड में बदलना है। यह योजना यूरोप के लोकप्रिय वॉकिंग स्ट्रीट्स से प्रेरित है, जहां लोग आराम से घूमते हैं, कला का आनंद लेते हैं और खुले कैफे में समय बिताते हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से काला घोड़ा क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही लोगों को एक सुरक्षित और सुंदर सार्वजनिक स्थान भी उपलब्ध होगा।
