
● मुंबई
उत्तराखंडियों की 98 वर्ष पुरानी संस्था गढ़वाल भ्रातृ मंडल द्वारा मुंबई के अंधेरी रिक्रिएशन क्लब में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना (उबाठा) के टिकट पर जीती पहली नवनिर्वाचित उत्तराखंडी नगरसेविका श्रीमती लोना राजेंद्र सिंह रावत सहित मुंबई के राजनीतिक प्रहरियों को सम्मानित किया गया। इनमें उत्तराखंड की श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ने वाले मोहन काला, कांग्रेस के टिकट पर निकाय चुनाव लड़ने वाले अमन बर्थवाल, भाईंदर से चुनाव लड़ने वाली ललिता विनोद सिंह बिष्ट, भाजपा नेता विनोद नेगी तथा उत्तर मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष एडवोकेट आशुतोष रतूड़ी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध उत्तराखंडी उपस्थित थे। इनमें पंकज मठपाल, धर्मानंद रतूड़ी महराज, ललित बिष्ट, शंभू शरण रतूड़ी, मोहन बिष्ट, आचार्य जयानंद सेमवाल, मनोज भट्ट, प्रवीण ठाकुर, सरुप पोखरियाल, बुद्धि प्रसाद देवली, त्रिलोक चंद सनवाल, पत्रकार राकेश खंकरियाल सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
गढ़वाल भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष रमण मोहन कुकरेती ने मंडल की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संचालन सुरेन्द्र भट्ट तथा सम्मान समारोह का संचालन डॉ राजेश्वर उनियाल ने किया। मनोज द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया।
