
● मुंबई
८ मार्च विश्व महिला दिवस के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए देशभर में अनेक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में मुंबई के अंधेरी स्थित शाकुन्तल स्टूडियो में सुप्रसिद्ध रंगकर्मी मुजीब खान की संस्था आइडिया द्वारा चार विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित विभूतियों में साहित्य के क्षेत्र में अनवरत कार्य कर रहीं नीलांबरी फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ नीलिमा पाण्डेय, शायरा एड. रेखा किंगर रोशनी, कवयित्री कुसुम त्रिपाठी तथा शायरा तबस्सुम नाडिवाल का समावेश था। सभी सम्मानित जनों ने अपने-अपने विचार रखे, कुसुम त्रिपाठी ने विश्व महिला दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई, रेखा किंगर चूंकि वकील हैं तो उन्होंने महिला हित में बने कानून को बताया, तबस्सुम ने भी महिला सशक्तिकरण का समर्थन किया।
इसी कड़ी में डाॅ नीलिमा पाण्डेय अपनी बात रखते हुए स्त्री पुरुष के समान वर्चस्व की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता की वरिष्ठ साहित्यकार अभिलाष अवस्थी ने। इसी आयोजन में प्रेमचंद की चार कहानियों- मासूम बच्चा, लांछन, बड़े भाई साहब और होली का नाट्य मंचन भी किया गया तथा साहिर लुधियानवी को याद करते हुए उनकी रचनाओं का पाठ किया गया।
मुजीब खान के निर्देशन में किए गए नाटक के सभी कलाकार उत्कृष्ट थे। सभी के अभिनय की सराहना की गई। बता दें कि मुजीब खान अंधेरी के शाकुंतल स्टूडियो में प्रेमचंद की कहानियों का नाट्य मंचन पिछले 20 साल से कर रहे हैं। लगभग 300 कहानियों का अब तक मंचन कर चुके हैं। इस अवसर पर कवयित्री शुभकीर्ति माहेश्वरी तथा शायरा, अभिनेत्री व कवयित्री हेमा चंदानी की खास उपस्थिति रही।
