
● मुंबई
महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मंगलवार को राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति चंद्रशेखर ने राजभवन के दरबार हॉल में उन्हें शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही जिष्णू देव वर्मा महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल बन गए।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और राज्यगीत से हुई। कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी राज्यपाल नियुक्ति की अधिसूचना पढ़कर सुनाई। शपथ ग्रहण के बाद कार्यक्रम का समापन भी राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात भारतीय नौसेना की ओर से राज्यपाल को मानवंदना दी गई।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्य के कई प्रमुख नेता और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोऱ्हे, पूर्व मुख्यमंत्री सुशीलकुमार शिंदे, उच्च व तंत्र शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा, खाद्य व औषध प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाळ तथा खाद्य व नागरी आपूर्ति मंत्री छगन भुजबळ मौजूद थे।
इसके अलावा बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगराणी, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और मुख्य राज्य शिष्टाचार अधिकारी राजेश गवांदे सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
