■ नासिक के विकास प्रकल्पों के लिए 306 करोड़ मंजूर

● नासिक
आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2026-27 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने नासिक जिले के लिए 306 करोड़ रुपये के विकास प्रकल्पों को मंजूरी दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इस निधि से नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
भुजबल के अनुसार इस राशि से शहर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें रिंग रोड का निर्माण, प्रमुख सड़कों की मरम्मत, बड़े वाहनतलों (पार्किंग) की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अस्थायी आवास ‘साधुग्राम’ का निर्माण और मिसिंग लिंक रोड जैसे प्रकल्प शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि नासिक के समग्र विकास का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसी दृष्टि से उन्होंने केंद्र सरकार के निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के अंतर्गत नासिक जिले के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का प्रस्ताव भेजा था। अब इनमें से 306 करोड़ रुपये के प्रकल्पों को मंजूरी मिलने से तैयारियों को नई गति मिलेगी।
छगन भुजबल ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष किए गए सतत प्रयासों की भी सराहना की।
भुजबल ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित होगा और नासिक शहर की बुनियादी संरचना को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
