
● मुंबई
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदलता नजर आ रहा है। कहीं आसमान से तेज धूप आग बरसाती दिख रही है तो कहीं हल्की बारिश की फुहारें तापमान को राहत दे रही हैं। धूप और बारिश की इसी आंख-मिचौली के बीच भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के लिए अहम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में कड़ी गर्मी के साथ-साथ कई स्थानों पर असमय बारिश की संभावना बनी रहेगी।
राज्य के कई इलाकों में गर्मी का असर तेज होता दिखाई दे रहा है। विशेष रूप से कोकण क्षेत्र में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहने की आशंका जताई गई है। वहीं मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड जिलों में गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कुछ स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जलगांव, वाशिम और चंद्रपुर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है।
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। धाराशिव, बीड, गोंदिया, गडचिरोली, भंडारा, सोलापुर, सांगली और सातारा जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार दिन में तेज गर्मी और अचानक होने वाली बारिश के कारण स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
